

राँची। प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा आयोजित 14वें ऐतिहासिक छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। आगामी 6 जुलाई को हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, राँची में आयोजित इस भव्य समारोह में 20 हजार मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू करेंगे। समारोह में मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह एवं मंत्री श्री हफीजुल हसन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की स्वागताध्यक्षता पासवा के मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. रामेश्वर उरांव करेंगे। इसके अलावा राज्य के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्राचार्य, निदेशक, शिक्षाविद् एवं शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य लोग समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि समारोह में जैक, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के 10वीं एवं 12वीं के ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, प्रतिभा और उपलब्धियों का उत्सव है।
उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालयों द्वारा बड़े पैमाने पर पंजीकरण कराया जा रहा है, वहीं विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
आलोक कुमार दूबे ने अपील की कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे बिना विलंब के पंजीकरण कर लें ताकि इस ऐतिहासिक सम्मान समारोह का हिस्सा बन सकें।
उन्होंने कहा कि पिछले 14 वर्षों से पासवा लगातार मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। इस वर्ष का आयोजन अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक होगा, जिसमें लगभग 20 हजार विद्यार्थियों को सम्मानित कर नया कीर्तिमान स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।
