झारखंड को मिले चार सूचना आयुक्त, राज्यपाल ने दिलाई शपथ By Admin Wed, 01 July 2026 12:31 PM

RANCHI : आखिरकार लगभग 5 वर्षों के इंतजार के बाद झारखंड को चार नए सूचना आयुक्त मिल गए। बुधवार को लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, शिवपूजन पाठक और अमूल नीरज खलखो को सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। समारोह में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम, महुआ माजी, केन्द्रीय राज्य मंत्री  संजय सेठ तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।झारखंड राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से सूचना आयुक्तों के पद रिक्त थे, जिसके कारण आयोग के कामकाज पर भी असर पड़ रहा था। अब चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति और शपथ ग्रहण के साथ आयोग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि इन चारों नामों की सिफारिश मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय चयन समिति ने की थी, जिसे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बीते 10 जून को अपनी आधिकारिक मंजूरी दी थी.
यह सिर्फ चार अधिकारियों की नियुक्ति नहीं है, बल्कि झारखंड के आम नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार की बड़ी जीत है. सूचना आयुक्तों की भारी कमी के कारण राज्य सूचना आयोग लंबे समय से लगभग निष्क्रिय पड़ा था, जिससे हजारों आरटीआई (RTI) अपीलें धूल फांक रही थीं. अब इन नई नियुक्तियों के बाद आयोग की ताकत चार गुना बढ़ गई है. उम्मीद जताई जा रही है कि दफ्तरों में अटके हुए मामलों का निपटारा अब तेजी से होगा, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और सरकारी विभागों में जवाबदेही तय की जा सकेगी.

ADVERTISEMENT
Advertisement