

RANCHI : झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवालिया निशान लगाते हुए भाजपा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। 30 जून 2026 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में करणी सेना के जिला युवा अध्यक्ष हिमांशु सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता कर राज्य में "अपराधियों की सरकार" चलने का आरोप लगाया।
पुलिस अधिकारी बालू की गाड़ियों की गिनती करते
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों ने एक युवक की हत्या कर दी। यह घटना साबित करती है कि झारखंड में अपराधियों का राज चल रहा है। अपराधी पुलिस के सामने नंगा नाच कर रहे हैं। जिन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हत्या हुई, उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर सजा दी जाए।
साहू ने आरोप लगाया कि पुलिस पदाधिकारियों का काम रात के अंधेरे में बालू की गाड़ियों की गिनती करना रह गया है। भाजपा ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है, जिसके तहत कार्यकर्ता व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी एक्स पर जताया आक्रोश
बाबलूलाल ने लिखा, "जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी के दौरान करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकू मारकर हत्या की खबर बेहद दुखद और झकझोर देने वाली है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
पिछले वर्ष करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका व लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।"
जमशेदपुर में क्या हुआ
करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर हमला होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें पुलिस वाहन के पास अपराधियों द्वारा हमला दिख रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के SSP और सरायकेला के SP को हटाकर पुलिस मुख्यालय संबद्ध कर दिया है।
भाजपा का आरोप है कि राज्य में अपराधी बेखौफ हो गए हैं और पुलिस महज औपचारिक कार्रवाइयों तक सीमित रह गई है। पार्टी इस मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन तेज करेगी। पुलिस की मौजूदगी में हमले से आक्रोश बढ़ा है।
इस मामले में मंगलवार देर रात सीएम हेमंत सोरेन ने सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के एसपी व सीनियर एसपी को हटा दिया है। वरीय अधिकारी जमशेदपुर में कैंप कर रहे हैं।
