चैनपुर में मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट के खिलाफ बड़ा अभियान By Admin Fri, 03 July 2026 07:56 PM

चैनपुर : पुलिस अधीक्षक के विशेष निर्देश पर चैनपुर अनुमंडल के विभिन्न स्कूलों में बच्चों को जागरूक करने के लिए एक वृहद अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, चैनपुर कातिंग और लूथरन हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अभियान की शुरुआत लूथरन उच्च विद्यालय से हुई, जहाँ एसडीपीओ श्रुति ने स्कूली छात्राओं को संबोधित किया। वहीं थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने छात्रों को कानूनी नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इसके बाद झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में पहुँचने पर एसडीपीओ श्रुति का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया। इस दौरान छात्राओं ने उनके सम्मान में एक सुरीला गीत भी प्रस्तुत किया, जिसने सबका मन मोह लिया।कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए एसडीपीओ श्रुति ने कहा कि पुलिस अधीक्षक महोदय के नेतृत्व में पुलिस द्वारा हर स्कूल में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति ने बताया कि हम बच्चों को पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, गुड टच-बैड टच और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। चूंकि इन क्षेत्रों में मानव तस्करी और पॉक्सो से जुड़े मामले अधिक सामने आते हैं, इसलिए हमारा प्रयास है कि बच्चियों को इसके बारे में पूरी जानकारी हो। उन्हें समझ आए कि गुड टच और बैड टच क्या होता है।एसडीपीओ ने आगे कहा कि पुलिस का उद्देश्य बच्चों के मन से डर को खत्म करना है ताकि वे किसी भी छोटी से छोटी समस्या होने पर पुलिस के साथ बेझिझक जानकारी साझा कर सकें। उन्हें यह न लगे कि पुलिस के पास जाने से बदनामी होगी या डरने की कोई बात है। उन्होंने बताया कि चैनपुर अनुमंडल के अंतर्गत अब तक 4 स्कूलों में यह कार्यक्रम किया जा चुका है और हर शुक्रवार को यह अभियान अलग-अलग स्कूलों में जारी रहेगा, ताकि जल्द ही पूरे अनुमंडल के सभी स्कूलों को कवर किया जा सके।इस मौके पर झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की प्रिंसिपल प्रेमिका तुला, संध्या निशा लकड़ा, अनिशा दीपिका खलखो और जिला परिषद सदस्य मैरी ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीण और आवासीय विद्यालयों के बच्चों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी और वे अपने अधिकारों व सुरक्षा के प्रति अधिक सजग हो सकेंगे।आगे की तैयारियों के बारे में बताते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि थाना प्रभारी के सहयोग से लगातार अन्य स्कूलों से संपर्क साधा जा रहा है ताकि इस अभियान को और गति दी जा सके।

ADVERTISEMENT
Advertisement