कारखाने की स्थिति में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने का अनुरोध By Admin Sun, 05 July 2026 12:28 PM

रांची। एशिया प्रसिद्ध मातृ उद्योग हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) की स्थिति में सुधार लाने और कर्मियों का वेतन भुगतान अद्यतन करने सहित अन्य  मांगों को लेकर एचईसी के श्रमिक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल श्रमिक नेताओं ने एक स्वर से एचईसी के पुनरुद्धार की मांग की। श्रमिक नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय से इस मामले में अविलंब हस्तक्षेप करते हुए यथोचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया। श्री सहाय ने कहा कि एचईसी कारखाना राष्ट्र की एक बहुमूल्य धरोहर है। इसके अस्तित्व को बचाना बहुत बड़ी चुनौती है। केंद्र की भाजपा सरकार एक-एक कर सभी सार्वजनिक उपक्रमों को बंद करने पर आमादा है। इसके विरोध में देशव्यापी आंदोलन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। श्री सहाय ने कहा कि एचईसी के पुनरुद्धार के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस मातृ उद्योग को बचाने के लिए वह लगभग तीन दशक से संघर्षरत रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भी एचईसी क्षेत्र से ही की है। इसलिए इस कारखाने व यहां कार्यरत कर्मियों से उनका विशेष लगाव है। श्रमिक नेताओं ने एचईसी में स्थाई अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक की नियुक्ति करने, कारखाना को पुनरुद्धार पैकेज उपलब्ध कराने, अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन नियमित करने, एचईसी परिसर में औद्योगिक माहौल फिर से बरकरार करने सहित अन्य मांगों के संदर्भ में चर्चा की। श्री सहाय ने कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने का समय आ गया है। कांग्रेस पार्टी हर हाल में एचईसी को बचाएगी। केंद्र की भाजपा सरकार के जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। 
 प्रतिनिधिमंडल में हटिया मजदूर लोक लोक मंच के जान मोहम्मद, रामकुमार नायक, हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के जनरल सेक्रेटरी लीलाधर सिंह, एचईसी सप्लाई संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह, हटिया कामगार यूनियन (एटक) के प्रेसिडेंट आरके शाही, एचईसी श्रमिक संघ के शनी सिंह, वाई त्रिपाठी, महेंद्र कुमार, हटिया मजदूर यूनियन के हरेंद्र प्रसाद, एटक के अर्जुन रविदास, हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) के भवन सिंह, हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के सुधीर कुमार मिश्रा, गिरीश कुमार चौहान, जनता मजदूर यूनियन के एसजे मुखर्जी सहित काफी संख्या में एचईसी के श्रमिक शामिल थे।

ADVERTISEMENT
Advertisement