मतदाता सूची अपडेट कराने का मौका, रांची में BLO कर रहे घर-घर सर्वेBy Admin Sun, 05 July 2026 12:51 PM

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 अभियान के तहत रांची जिले में Enumeration Form के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेज गति से जारी है। जिला प्रशासन का उद्देश्य समयबद्ध तरीके से मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरा करना और सभी पात्र मतदाताओं का विवरण अद्यतन करना है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह से ही घर-घर जाकर मतदाताओं को Enumeration Form वितरित कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है।

सुबह घर-घर पहुंचने के दिए गए निर्देश

उपायुक्त ने सभी BLO को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन सुबह के समय अधिक से अधिक घरों तक पहुंचकर फॉर्म का वितरण और संग्रहण सुनिश्चित करें। प्रशासन का मानना है कि सुबह के समय अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद रहते हैं, जिससे अधिक से अधिक मतदाताओं तक आसानी से पहुंचा जा सकता है और अभियान को गति मिलती है।

दोपहर में होगा फॉर्म का डिजिटाइजेशन

जिला प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि दोपहर बाद BLO द्वारा एकत्र किए गए Enumeration Form का समयबद्ध डिजिटाइजेशन किया जाए। इससे फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन तीनों कार्य समानांतर रूप से संचालित होंगे और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सकेगा।

मतदाताओं से सहयोग की अपील

रांची जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में BLO मतदाताओं से सीधे संपर्क कर रहे हैं और उन्हें मतदाता सूची अद्यतन कराने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे BLO का पूरा सहयोग करें, Enumeration Form को सही और पूरी जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की गई है।

ADVERTISEMENT
Advertisement