सीसीएल प्रबंधन से सकारात्मक वार्ता के बाद 8 जुलाई की खान बंदी वापसBy Admin Tue, 07 July 2026 07:25 PM

भुरकुंडा (रामगढ़)/संवाददाता । भुरकुंडा कोलियरी रोड सेल समिति द्वारा 8 जुलाई को भुरकुंडा कोलियरी की आउटसोर्सिंग संगम खान में प्रस्तावित बंदी कार्यक्रम सीसीएल प्रबंधन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद वापस ले लिया गया। बैठक में रोड सेल संचालन, स्थानीय विस्थापितों एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने समेत विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

वार्ता के दौरान सीसीएल प्रबंधन ने रोड सेल शुरू करने के संबंध में चारों राजस्व ग्राम दुंदुवा, कुरसे, देवरिया एवं बलकुदरा के विस्थापितों के साथ बैठक कर उनकी सहमति एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया। साथ ही आउटसोर्सिंग परियोजना में प्रभावित परिवारों और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने के मुद्दे पर भी गंभीरता से विचार करने की बात कही गई। बैठक के बाद रोड सेल समिति ने प्रबंधन के सकारात्मक रुख को देखते हुए 8 जुलाई को प्रस्तावित खान बंदी कार्यक्रम वापस लेने की घोषणा की।

 

ADVERTISEMENT
Advertisement

समिति ने कहा कि यदि वार्ता में हुई सहमति के अनुरूप जल्द कार्रवाई होती है तो क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनेगा, वहीं वादाखिलाफी होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में सीसीएल प्रबंधन की ओर से खान प्रबंधक अजय सिंह, देव्यंदू भंडारी तथा आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से सुरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं रोड सेल समिति की ओर से गिरधारी गोप, दर्शन गंझू, सरोज झा, मुकेश कुमार, रविन्द्र सिंह, प्रेम कुमार साहू, राजा यादव, गणेश बेदिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।