भुरकुंडा–गिद्दी दामोदर पुल निर्माण का मार्ग प्रशस्त, 19.44 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया पुलBy Admin Tue, 07 July 2026 07:27 PM

भुरकुंडा (रामगढ़)/संवाददाता। भुरकुंडा–गिद्दी की जीवनरेखा माने जाने वाले दामोदर नदी पर स्थित जर्जर पुल के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। झारखंड स्टेट हाईवे अथॉरिटी से पुल निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। करीब 19 करोड़ 44 लाख 64 हजार 400 रुपये की लागत से बनने वाले इस नए पुल का टेंडर एक सप्ताह के भीतर जारी कर दिया जाएगा।

इस संबंध में कोयलांचल भुरकुंडा के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड स्टेट हाईवे अथॉरिटी के सदस्य (तकनीकी) सुनील कुमार रजक से मुलाकात की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि पुल निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और अब जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधारी गोप और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि भुरकुंडा–गिद्दी को जोड़ने वाला यह पुल लगभग 50 वर्ष पुराना है और वर्तमान में अत्यंत जर्जर स्थिति में है। इस पुल से प्रतिदिन हजारों लोग, भारी वाहन तथा स्कूल बसों का आवागमन होता है। पुल की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

ADVERTISEMENT
Advertisement

उन्होंने कहा कि पुल निर्माण की मांग को लेकर कोयलांचल के लोगों, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने लगातार आंदोलन, चक्का जाम और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया। इस महत्वपूर्ण मुद्दे को मीडिया ने भी प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पुल निर्माण को स्वीकृति दिलाने में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, पूर्व सांसद जयंत सिन्हा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा मंत्री संजय प्रसाद यादव के प्रयास महत्वपूर्ण रहे।

इनके सहयोग से अब वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है, जिससे भुरकुंडा–गिद्दी सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में राजद प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधारी गोप, संतोष यादव, सुमन सिंह, भोला सिंह कुशवाहा एवं जानकी ठाकुर शामिल थे।