

गुमला: झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के तत्वावधान में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद आयोग के उपाध्यक्ष प्राणेश सालोमन, ज्योति सिंह मथारू एवं सदस्य रंजीत कुमार मल्लिक ने परिषदन में प्रेस वार्ता की। इस दौरान प्राणेश सालोमन ने कहा कि आयोग राज्य के सभी जिलों का दौरा कर अल्पसंख्यक विद्यालयों, शिक्षकों की बहाली, विद्यालय भवन, हास्टल तथा अन्य समस्याओं का जायजा ले रही है। इसका उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि गुमला दौरे के दौरान कई अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया। सिलम स्थित आईटीआई संस्थान का भी भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा परिसर की साफ-सफाई बेहतर रखने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जिले के मदरसों की समस्याओं की भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों और समस्याओं को आयोग राज्य सरकार के समक्ष रखेगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर अल्पसंख्यक संस्थानों में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। मौके पर सीएस शम्भू नाथ चौधारी, नप उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, अकिल रहमान, अनिश हव्वारी, नईम अंसारी सदाब नैय्यर समेत अन्य मौजूद थे।
