Ranchi News: फाइनेंस कंपनी की धमकी से परेशान ऑटो चालक ने दी जान?By Admin Wed, 08 July 2026 01:25 PM

झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-3 झोपड़ी निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

परिजनों का आरोप है कि सूरज नायक ने एक फाइनेंस कंपनी से ईएमआई पर बैटरी चालित ऑटो खरीदा था। पिछले कुछ समय से किस्त जमा नहीं होने पर कंपनी के रिकवरी एजेंट और मैनेजर लगातार उन पर भुगतान का दबाव बना रहे थे। परिवार का कहना है कि रिकवरी कर्मी कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज, बदसलूकी और धमकी देते थे, जिससे सूरज मानसिक तनाव में रहने लगे थे।

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने सेक्टर-3 मार्केट के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे से 2 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच और सरकारी सहायता का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पत्नी सुमन देवी के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मृतक की पत्नी सुमन देवी ने बताया कि ऑटो की मासिक किस्त 11,650 रुपये थी। उनका आरोप है कि केवल एक माह की किस्त बकाया रहने पर सोमवार को फोन कर धमकी दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अक्सर घर आकर हंगामा करते थे और परिवार को अपमानित करते थे। परिवार का दावा है कि लगातार मानसिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर ने सूरज को यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।

सूरज नायक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

ADVERTISEMENT
Advertisement