

रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 27 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के एचआर कुमार गौरव ने विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे और उनके माध्यम से कई अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लिए। अब न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। पीड़ित ने मामले में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि उनकी मुलाकात वर्ष 2023 में कुमार गौरव से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच अच्छी जान-पहचान और दोस्ती हो गई। इसी भरोसे के आधार पर कुमार गौरव ने दावा किया कि वह अलग-अलग पदों पर लोगों की नौकरी लगवा सकते हैं। इस पर विजय कुमार ने अपने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इस दौरान अलग-अलग किस्तों में कुल 27 लाख रुपये कुमार गौरव को दिए गए।
पीड़ित का कहना है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी किसी भी अभ्यर्थी को नौकरी नहीं मिली। जब उन्होंने नौकरी और जमा की गई राशि के संबंध में पूछताछ शुरू की तो पहले उन्हें टालमटोल किया गया और बाद में कथित रूप से उन्हें तथा उनके परिवार को धमकियां दी जाने लगीं। विजय कुमार का आरोप है कि वर्ष 2025 में जब उन्होंने डोरंडा थाना में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई, तो इसके बाद कुमार गौरव ने उनके खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज करा दिया। इस मामले में उन्हें करीब छह महीने तक जेल में रहना पड़ा।
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि जिन लोगों से उन्होंने नौकरी के नाम पर पैसे लेकर कुमार गौरव को दिए थे, वे अब लगातार उनसे अपनी राशि वापस मांग रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपने परिवार, रिश्तेदारों और अन्य अभ्यर्थियों का पैसा अपनी ओर से लौटाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि आज भी उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने मामले में दोबारा पुलिस से शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
