
कोडरमा :ग्रिज़ली विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद् के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने अनुशासन, नेतृत्व, सेवा-भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह में श्लोक को स्कूल कैप्टन (बॉयज़), क्रांति दक्ष को स्कूल कैप्टन (गर्ल्स), आयुष कुमार को स्कूल वाइस कैप्टन, सृष्टि कुमारी को गर्ल्स वाइस कैप्टन, अमरदीप यादव को स्पोर्ट्स कैप्टन तथा पंकज राज को स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन बनाया गया। वहीं विभिन्न हाउसों के कैप्टन, वाइस कैप्टन, हॉस्टल कैप्टन एवं प्रीफेक्ट्स ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सभी छात्र प्रतिनिधियों को विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता, प्राचार्या अंजना कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीईओ प्रकाश गुप्ता ने कहा कि नेतृत्व अधिकार का नहीं, बल्कि सेवा, उत्तरदायित्व और आदर्श प्रस्तुत करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, सहानुभूति और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि छात्र नेतृत्व विश्वास, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है तथा विद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों के लिए भी तैयार करता है।
समारोह के दौरान नायरा एवं समूह ने स्वागत नृत्य तथा लव कुमार एवं समूह ने फ्री-फ्लो योग नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक प्रीतम हरि, सीसीए संयोजक प्रीति जगनानी सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन छात्राएँ खुशी एवं सुहाना ने किया, जबकि अंत में स्कूल कैप्टन (गर्ल्स) क्रांति दक्ष ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।