मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की गरिमामयी उपस्थिति में रंजना शुक्ला बनीं इनर व्हील क्लब रांची साउथ की अध्यक्षBy Admin Fri, 10 July 2026 07:25 PM

रांची: इनर व्हील क्लब रांची साउथ का 18वां इंस्टॉलेशन समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में क्लब से जुड़ी सभी सदस्यों को वर्षभर किए गए उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों और विभिन्न प्रोजेक्ट्स में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब की नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया, जिसमें रंजना शुक्ला को वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई अध्यक्ष  के रूप में दायित्व सौंपा गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनर व्हील जैसी महिला संचालित संस्थाएं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि समूह की संख्या भले ही सीमित हो, लेकिन उसकी कार्यक्षमता और समाज के प्रति समर्पण सराहनीय है। ऐसे संगठन समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

नई कार्यकारिणी में अनु मलिक को उपाध्यक्ष, लाजवती कुमार को सचिव, रीता गुप्ता को कोषाध्यक्ष, श्वेता जैस्वाल को आईएसओ (ISO) तथा नीलू गुप्ता को क्लब का एडिटर नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया। 

 

समारोह की शुरुआत नई अध्यक्ष रंजना शुक्ला के परिचय के साथ हुई। बताया गया कि उन्होंने वर्ष 2010 में इनर व्हील क्लब रांची साउथ की सदस्य के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी और अब वे क्लब की 18वीं अध्यक्ष बनी हैं। अपने संबोधन में रंजना शुक्ला ने क्लब की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले कार्यकाल में संस्था समाजसेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगी तथा अधिक से अधिक लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने का प्रयास करेगी।

 

इस अवसर पर क्लब द्वारा वर्षभर संचालित विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग, वॉटर एवं सैनिटेशन प्रोजेक्ट, रिपब्लिक डे प्रोजेक्ट, कॉलर एक्सचेंज कार्यक्रम सहित कई जनकल्याणकारी गतिविधियां शामिल रहीं। इन परियोजनाओं के सफल संचालन में योगदान देने वाली सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 की डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नीता नारायण ने भी नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में संस्था भविष्य में भी समाजहित के अनेक प्रभावी कार्य करेगी और महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक सेवा के अपने उद्देश्य को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

 समारोह में संगीता सरन, कांति पांडेय, नीलम ललित, सुमन सिंह, बलजीत, रमा नंदा, माया वर्मा सहित क्लब की सभी सदस्याएं एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एंजेल सराफ ने किया।