बिजली बनी काल, खेत में काम कर रहे किसान की गई जानBy Admin Mon, 13 July 2026 07:56 PM

घाघरा थाना क्षेत्र के चमेली गांव में सोमवार सुबह खेत में काम करने के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से 55 वर्षीय किसान लोहरा उरांव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
मृतक के पुत्र संतोष उरांव ने बताया कि उनके पिता ने खेती के लिए बिजली विभाग से विधिवत कृषि विद्युत कनेक्शन लिया था। सोमवार सुबह वे खेत में खेती का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि परिवार के मुखिया और कमाने वाले सदस्य की मौत से उन पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से उचित मुआवजा तथा पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।