उप विकास आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देशBy Admin Tue, 14 July 2026 06:46 PM

गुमला: उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन की अध्यक्षता में  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, सभी सीडीपीओ, प्रभारी सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं (एलएस) उपस्थित थीं।बैठक के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों, विशेषकर किराये के भवनों में संचालित केंद्रों में रसोईघर, विद्युत, शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इन केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने तथा जिन किराये के भवनों में रसोईघर, पेयजल, शौचालय एवं बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां संचालित केंद्रों को आवश्यक सुविधाओं से युक्त उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। साथ ही, केंद्रों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई), ABHA आईडी, APAAR आईडी, कन्यादान योजना, गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों (एसएएम एवं एमएएम) की स्थिति तथा सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों की भी समीक्षा की गई एवं उनके द्वारा आवश्यक निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी सम्बंधित  पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी तथा लाभुकों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।