
गोला। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गोला प्रखंड अंतर्गत नवाडीह पंचायत के सोनडीमरा (जारा) गांव में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क एवं पुलिया की मरम्मत कराए जाने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से खराब सड़क के कारण बरसात के दिनों में आवागमन कठिन हो जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों, बुजुर्गों तथा अन्य ग्रामीणों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की मरम्मत की मांग कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष उठाई गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। ऐसे में युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं उभरते जननेता पियूष चौधरी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क एवं पुलिया की मरम्मत की पहल की, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर पियूष चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्यों में वे आगे भी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे तथा लोगों की आवाज़ को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि पियूष चौधरी लगातार सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उनकी जनसंपर्क शैली और सेवा भाव के कारण ग्रामीणों में उनके प्रति विश्वास बढ़ रहा है तथा वे क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार प्राथमिकता दे रहे हैं।