प्रेमिका पर टांगी से जानलेवा हमला करने वाला फरार प्रेमी गिरफ्तार, भेजा गया जेलBy Admin Wed, 15 July 2026 06:14 PM

रायडीह थाना क्षेत्र के मरदा गांव में प्रेमिका पर टांगी से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को प्रेम प्रसंग में हुए विवाद के बाद सनकी प्रेमी अंकित लकड़ा (25 वर्ष), पिता सोमरा लकड़ा, निवासी नातापोल, थाना चैनपुर (गुमला) ने अपनी प्रेमिका नेहा दीपिका लकड़ा, पिता स्टानिसलास लकड़ा के घर पहुंचकर टांगी से हमला कर दिया था। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज फिलहाल रिम्स, रांची में चल रहा है।
घटना के बाद घायल युवती के बयान पर रायडीह थाना में कांड संख्या 27/2026, दिनांक 09 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 118(2), 333 एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार था।
रायडीह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में गुमला जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।