
रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने रथयात्रा के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर ऐतिहासिक रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान मंदिर परिसर और रथयात्रा मार्ग 'जय-जय जगन्नाथ' के उद्घोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथयात्रा में भाग लिया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर की पहचान को और अधिक भव्य बनाने के लिए मंदिर जाने वाले मार्ग पर राज्य सरकार एक भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराएगी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल झारखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है तथा इसे पर्यटन के मानचित्र पर और सशक्त पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रथयात्रा महोत्सव का श्रद्धालु पूरे वर्ष इंतजार करते हैं। आज उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ इस मंदिर की दिव्यता, भव्यता और जनआस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रथयात्रा मेले को और अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और भव्य बनाया जाएगा ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
