
गोला(रामगढ़)। गोला प्रखंड की नावाडीह पंचायत अंतर्गत सोनडिमरा जारा से गोविंदपुरा तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। यह सड़क गोविंदपुर, सबलपुर, घांघरा, जारा, मसरीबेड़ा, नावाबांध, खेरजारा एवं सोनडिमरा जारा सहित सात से अधिक गांवों को जोड़ती है। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने युवा आजसू जिला प्रभारी पीयूष चौधरी से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही पीयूष चौधरी ने त्वरित पहल करते हुए सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया। सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसके लिए पीयूष चौधरी का आभार जताया। पीयूष चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर वे हमेशा सक्रिय रहेंगे और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
मौके पर आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता फागू महतो, युवा नेता नितीश कुमार, संदीप महतो, रामश्याम महतो, रवि महतो, चंद्रशेखर महतो, बागबर महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
