
झारखंड सरकार के 'परिवहन कार्यालय आपके द्वार' महा-अभियान के तहत आज चैनपुर प्रखंड मुख्यालय में शिक्षार्थी अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येन्द्र महतो के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में अनुज्ञप्ति बनवाने वालों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
इस विशेष शिविर में कुल 103 लोगों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा देकर अपना ज्ञान आजमाया। इनमें से 85 अभ्यर्थी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए, जबकि 18 लोग असफल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस लेने के लिए यह टेस्ट देना पूरी तरह से अनिवार्य है, हालांकि यातायात नियमों की हल्की-फुल्की जानकारी होने पर भी आवेदक आसानी से पास होकर लर्निंग लाइसेंस प्राप्त कर ले रहे हैं।परीक्षा में मुख्य रूप से मुड़ने का सिंबल, स्पीड ब्रेकर का सिंबल और कार-मोटरसाइकिल की बुनियादी जानकारी से जुड़े आसान सवाल ही पूछे जा रहे हैं।शिविर में सफल अभ्यर्थियों को तत्काल अनुज्ञप्ति सौंपने के साथ ही सड़क सुरक्षा की भी विस्तृत जानकारी दी गई। गुमला के जिला उपायुक्त दिलेश्वर महतो का संदेश शिविर में युवाओं तक पहुंचाया गया, जिसमें उन्होंने सड़क सुरक्षा का विशेष 'गुरुमंत्र' देते हुए सख्त हिदायत दी है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।उपायुक्त के संदेश में नियमों का हवाला देते हुए यह भी स्पष्ट किया गया है कि अब कार में पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी सुरक्षा पेटी (सीट बेल्ट) लगाना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, शिविर में लोगों को यह महत्वपूर्ण जानकारी दी गई कि ड्राइविंग लाइसेंस पर आवेदक का 'ब्लड ग्रुप' अंकित होता है।
दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थिति में यह जानकारी तुरंत चिकित्सा सहायता दिलाने में बेहद मददगार साबित होती है, इसलिए गाड़ी चलाते समय अपना लाइसेंस हमेशा अपने साथ जरूर रखें।परिवहन विभाग द्वारा जारी संशोधित रोस्टर के अनुसार, इस अभियान का अगला शिविर आगामी सोमवार, 20 जुलाई को विशुनपुर प्रखंड सभागार में लगाया जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे विभागीय वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर लें। इंटरनेट के माध्यम से शुल्क जमा करने के बाद आवेदक अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और फॉर्म का प्रिंट लेकर निर्धारित कैंप स्थल (पंचायत भवन/सभागार) पर पहुंचें, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के इस सुविधा का सीधा लाभ मिल सके।