चैनपुर की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, 'चैनपुर अनुमंडलीय जागरूकता मंच' का गठन By Admin Fri, 17 July 2026 06:20 PM

चैनपुर (गुमला): चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 9वीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी की असामयिक और दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में व्याप्त जनआक्रोश अब एक संगठित आंदोलन का रूप ले चुका है। स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को चैनपुर अनुमंडल पुस्तकालय भवन में एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने एकजुट होकर "चैनपुर अनुमंडलीय जागरूकता मंच" का गठन किया।बैठक में सर्वसम्मति से मंच के पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें निम्नलिखित दायित्व सौंपे गए:
  अध्यक्ष: मेरी लकड़ा (जिला परिषद सदस्य)
 उपाध्यक्ष: अनूप संजय टोप्पो
 सचिव: अनिल लोहरा (समाजसेवी)
 उपसचिव: प्रमोद खलखो (उप प्रमुख) एवं प्लासीदियूस टोप्पो
 कोषाध्यक्ष: मनोहर बड़ाइक
 मीडिया प्रभारी: शिवम केशरी
21 जुलाई को उपायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन, मांगे पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मंच के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि आगामी 21 जुलाई (मंगलवार) को गुमला के उपायुक्त  को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से चैनपुर अनुमंडल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने, स्थायी एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पर्याप्त ऑक्सीजन व दवाओं की आपूर्ति, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, रोस्टर ड्यूटी में पारदर्शिता तथा अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को बहाल करने की पुरजोर मांग की जाएगी।राजनीति से परे, जनता के हक  की लड़ाईमंच के सदस्यों ने साफ तौर पर कहा कि इस मंच और आंदोलन का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। इसका एकमात्र उद्देश्य चैनपुर अनुमंडल की आम जनता को उनका बुनियादी अधिकार—बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं—दिलाना है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को शिवानी कुमारी जैसी भयानक त्रासदी का सामना न करना पड़े।मंच ने क्षेत्र के तमाम बुद्धिजीवियों और नागरिकों से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर साथ देने की अपील की है।