
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग की ओर से शुक्रवार को "Role of AI in Financial Decision" विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कोयला खनन उद्योग में वित्तीय निर्णयों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग से अधिकारियों को परिचित कराना था। प्रशिक्षण में सीसीएल के 52 वित्त अधिकारियों ने भाग लिया।
उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम्स) एवं संकाय सुरेश बेहरा, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम. एफ. हक तथा निदेशक (वित्त) के तकनीकी सचिव संजय सिंह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि एआई के प्रभावी उपयोग से वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और समयबद्ध निर्णय लेने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि बेंचमार्किंग और एआई आधारित कौशल संगठन के प्रदर्शन के साथ-साथ उसकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी मजबूत करेंगे।
तकनीकी सचिव संजय सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता कोई विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने अधिकारियों से निरंतर प्रणालीगत सुधार और बेहतर कार्यप्रणाली के लिए एआई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
तकनीकी सत्र में पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम्स) सुरेश बेहरा ने वित्तीय निर्णय प्रक्रिया तथा प्रोसेस ऑप्टिमाइजेशन में एआई के व्यावहारिक उपयोगों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम संवादात्मक रहा और डिजिटल लर्निंग व नवाचार के माध्यम से भविष्य के लिए सक्षम कार्यबल तैयार करने की दिशा में सीसीएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।