स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत संचालित कार्यों का अभियान निदेशक ने किया स्थल निरीक्षणBy Admin Sat, 18 July 2026 06:45 PM

रामगढ़: स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से आज दिनांक 18 जुलाई 2026 को अभियान निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, झारखंड, रांची श्रीमती रंजीता हेंब्रम एवं संयुक्त निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन श्री शशिन्द्र कुमार बड़ाइक द्वारा रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव का स्थल निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत निर्मित एवं संचालित विभिन्न संरचनाओं का जायजा लिया। इस क्रम में सोख्ता गड्ढा, नाडेप वर्मी कंपोस्ट, प्लास्टिक संग्रह केंद्र सहित ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित अन्य कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा संबंधित संरचनाओं की उपयोगिता, संचालन व्यवस्था एवं रख-रखाव की स्थिति की जानकारी ली गई।

स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता से संबंधित संरचनाओं के बेहतर उपयोग एवं नियमित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने, प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रहण एवं निस्तारण तथा स्वच्छता गतिविधियों को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

स्थल निरीक्षण के पश्चात सर्किट हाउस, रामगढ़ में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, रामगढ़ के अंतर्गत कार्यपालक अभियंता, जिला समन्वयक, कनीय अभियंता एवं सभी प्रखंड वास समन्वयकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।


अधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा की गई और उनके समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।