
रांची: इनर व्हील क्लब ऑफ रांची साउथ की ओर से मंगलवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लटमा में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. देवांजलि ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच की आवश्यकता तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर देते हुए कहा कि जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।
इस अवसर पर क्लब की ओर से छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण किया गया और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को देने की सलाह दी गई।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई तथा छात्र-छात्राओं के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके बाद क्लब की टीम ने वृद्धाश्रम 'अपना घर' पहुंचकर बुजुर्ग महिलाओं के बीच डायपर और खाद्य सामग्री का वितरण किया तथा उनका कुशलक्षेम जाना।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की अध्यक्ष रंजन शुक्ला, उपाध्यक्ष अनु मलिक, सचिव लाजवंती कुमार, एडिटर नीलू ओझा सहित क्लब की सभी सदस्याओं का सक्रिय योगदान रहा।