झारखंड में शुरू होगा पूर्वी भारत का पहला सरकारी एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग संस्थानBy Admin Wed, 22 July 2026 06:46 PM

रांची: झारखंड जल्द ही पूर्वी भारत का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है, जहां सरकारी स्तर पर एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग (AME) और एयर होस्टेस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल और मार्गदर्शन में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) ने इन पाठ्यक्रमों की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों पाठ्यक्रमों का औपचारिक शुभारंभ नवंबर में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री करेंगे।

एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग (AME) पाठ्यक्रम के संचालन के लिए झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने दिल्ली की संस्था मेसर्स वेन्योर के साथ एमओयू किया है, जबकि एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए एआईएसईसीटी लिमिटेड, भोपाल के साथ करार किया गया है। दोनों पाठ्यक्रमों का संचालन धनबाद स्थित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के आधारभूत ढांचे पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत किया जाएगा।

राज्य सरकार के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी विमानन क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध होगा।

एएमई पाठ्यक्रम में 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। यह तीन वर्षीय कोर्स होगा, जिसकी कुल फीस 6 लाख रुपये होगी। शुल्क का भुगतान तीन वार्षिक किस्तों में 2-2 लाख रुपये के रूप में किया जाएगा।

वहीं, एयर होस्टेस प्रशिक्षण के तहत छह माह और एक वर्ष अवधि के दो पाठ्यक्रम संचालित होंगे। दोनों में 60-60 सीटें होंगी। छह माह के कोर्स की फीस 1,00,500 रुपये, जबकि एक वर्षीय डिप्लोमा की फीस 1,55,500 रुपये निर्धारित की गई है। इस शुल्क में ड्रेस, ग्रूमिंग किट और स्विमिंग प्रशिक्षण भी शामिल रहेगा।

इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से अनुमति मिलने के बाद की जाएगी। एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर विमानन क्षेत्र में राज्य के युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग और एयर होस्टेस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम न केवल झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेंगे, बल्कि देश के विमानन क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।

ADVERTISEMENT
Advertisement