
सांसद मनीष जायसवाल ने एनएच-33 पर चुटुपालु घाटी, चौपारण–बाराचट्टी मार्ग के दनुवा-बनुवा तथा चरही घाटी के ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि फिलहाल अस्थायी सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं तथा जल्द ही स्थायी समाधान की स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने चरही के घाटो मोड़ पर लंबे समय से प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित विभाग को तत्काल डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार करने का निर्देश दिया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कारगिल पेट्रोल पंप से बड़कागांव, केरेडारी, टंडवा, कल्याणपुर, पिपरवार, डकरा और खलारी होते हुए बिजूपाड़ा तक जाने वाले राज्य राजमार्ग-7 को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इससे औद्योगिक एवं कोयला क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
इसके अलावा हजारीबाग रिंग रोड परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। लगभग 26 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के तहत एनएच-522 को सिलवार से बाईपास करते हुए कटकमसांडी रोड पार कर सलगा गांव से जोड़ने का प्रस्ताव है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि यह प्रस्ताव राज्य सरकार के स्तर पर लंबित है और आवश्यक कार्रवाई पूरी होते ही परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इस रिंग रोड के बनने से हजारीबाग शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
बैठक के दौरान एनएच-522 पर सलगा से चतरा तक प्रस्तावित सड़क परियोजना की भी समीक्षा की गई। इस पर भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित विभाग को डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।
मुलाकात के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आधुनिक सड़क नेटवर्क, सुरक्षित आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय सरकार के सहयोग से क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र गति मिलेगी, जिससे विकास को नया आयाम प्राप्त होगा।
