BREAKING: JPSC भर्ती अनियमितता मामले में CID का बड़ा एक्शन, पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के आवास पर छापेमारीBy Admin Thu, 23 July 2026 03:26 PM

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच अब और तेज हो गई है। गुरुवार को सीआईडी की टीम ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. ख्यांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर मौजूद रही।

जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने आवास पर मौजूद JPSC से संबंधित दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की। फिलहाल छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इस संबंध में सीआईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इससे पहले 21 जुलाई को राज्य सरकार के निर्देश पर सीआईडी ने रांची पुलिस के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया था। उस दौरान JPSC कार्यालय, परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी TSR Data Processing Private Limited (TDPL) के कार्यालय समेत कई अन्य स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई थी। जांच एजेंसी ने वहां से कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संभावित साक्ष्य अपने कब्जे में लिए थे।

बताया जा रहा है कि शुरुआती जांच में मिले इनपुट और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी ने जांच का दायरा बढ़ाया है। इसी क्रम में 22 जुलाई 2026 को CID थाना में कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया गया, जिसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर जांच एजेंसी लगातार विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।