कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था के पारदर्शिता एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेगी: ममता देवी By Admin Thu, 23 July 2026 06:01 PM

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार गुरुवार को रामगढ़ के समाहरणालय स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा के समीप रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष ममता देवी के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना के उपरांत उपायुक्त, रामगढ़ के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में हाल ही में आयोजित NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक की घटना को गंभीर बताते हुए कहा गया कि इससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों, नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता देवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता और युवाओं के हितों से जुड़े हर मुद्दे को कांग्रेस मजबूती के साथ उठाती रहेगी तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की तथा छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस कमेटी ने महामहिम राष्ट्रपति से निम्नलिखित मांगें कीं—
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा लिया जाए।
NEET परीक्षा में हुई अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
नई दिल्ली में छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लिया जाए।
इस एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के सभी अनुषंगी संगठनों, प्रकोष्ठों, विभागों, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों, अग्रणी नेताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल, ओबीसी विभाग, अनुसूचित जाति विभाग, अल्पसंख्यक विभाग सहित सभी सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों एवं समर्थकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। सभा में उपस्थित सभी वक्ताओं ने छात्रों के भविष्य की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण तथा जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी के संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता , रामगढ़ के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं मांडू विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व पत्याशी  कुमार महेश  सिंह,परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, महेश सिंह, पंकज तिवारी, मुकेश यादव, सज्जाद खान, सीपी संतन, गुलजार अंसारी, केसर प्रसाद, प्रदीप शर्मा, साजिद अंसारी, मिस्टर आलम, अनिल मुंडा, गोपाल मुंडा, गगन करमाली, संतोष सोनी, पिंटू अंसारी, बलराम साहू, लक्षर महतो, जागेश्वर महतो, अनिल सिंह, प्रकाश दास, अजीत करमाली, उत्तम पटवा, सीपी संत, गौरीशंकर, अमित महतो, रामलखन, संजीव खंडेलवाल, टिकू खान ,आजाद सिंह ,तसलीम अंसारी ,महेंद्र ओहदार ,सुजीत पटेल ,संजू खान मुखलाल महतो, सपुत कुमार किशोर कुमार,सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।