अशोक नगर चोरी कांड में दो महिलाएं गिरफ्तार, मुख्य आरोपी इरफान अब भी फरारBy Admin Thu, 23 July 2026 07:17 PM

रांची: राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में एक ही रात दो घरों में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह की पहचान करते हुए चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार, लाखों रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या-172/26 दर्ज कर विशेष एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने कोलकाता में छापेमारी कर चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की। इसके अलावा चोरी गए 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां तथा एक डायमंड भी बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को कुख्यात अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम तथा नवीन शर्मा ने अंजाम दिया था। मुख्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, लेकिन पुलिस ने इरफान और अफरोज के घरों पर छापेमारी कर उनकी पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के कुछ आभूषण और नकदी भी बरामद हुई है।
अनुसंधान में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी इरफान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसने कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर सहित देश के कई शहरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में लगभग 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रांची पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय, वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई सहित कई थाना प्रभारियों, तकनीकी शाखा और क्यूआरटी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।