
रांची : JPSC मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प के दौरान सड़क पर सिर्फ अंडे-पत्थर ही नहीं चले, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया भी चोटिल हुआ।भाजपा के कांग्रेस कार्यालय घेराव और आज कांग्रेस के भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। बैरिकेड तोड़ने के प्रयास और पत्थरबाजी के बीच कवरेज कर रहे कई मीडियाकर्मी इसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर 12 बजे के आसपास जब कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच अंडे, टमाटर, पानी की बोतलें और पत्थर बरसने लगे।
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की रिपोर्टिंग के दौरान कैमरा और माइक लेकर खड़े कई पत्रकारों और कैमरा पर्सन को चोटें आईं। पत्थर और लाठी लगने से कुछ मीडियाकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

राजनीतिक दलों की लड़ाई में मीडिया कर्मियों का घायल होना इस बात को दर्शाता है कि किस तरह "समाज का आईना" भी इस हिंसा का शिकार बन गया। पत्रकार संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।