
रांची: रांची नगर निगम ने शहर के प्रमुख जलाशयों के संरक्षण, पुनर्जीवन और अतिक्रमण हटाने की दिशा में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या-14 स्थित गोसाई तालाब, हटिया तालाब (छठ तालाब) और चम्बोठा तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीनों तालाबों की वर्तमान स्थिति, जलधारण क्षमता, अतिक्रमण, स्वच्छता तथा पर्यावरणीय महत्व का विस्तृत जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीनों तालाबों को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा प्रत्येक तालाब के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई पारदर्शी, नियमानुसार और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएगी।
गोसाई तालाब के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने इसकी स्थिति पर चिंता जताई और अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित करने का निर्देश दिया। यह टीम तालाब के आसपास हुए संभावित अतिक्रमण की जांच करेगी, ड्रोन मैपिंग और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करेगी तथा अतिक्रमण करने वालों को विधिसम्मत नोटिस जारी करेगी। दस्तावेजों की जांच के बाद अवैध निर्माण हटाकर तालाब को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके बाद तालाब के सौंदर्यीकरण और दीर्घकालिक विकास की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
हटिया तालाब (छठ तालाब) के निरीक्षण में नगर आयुक्त ने तालाब क्षेत्र में पाए गए अतिक्रमण को तत्काल चिन्हित कर हटाने का निर्देश दिया। साथ ही तालाब में ठोस एवं तरल अपशिष्ट डालने वाले व्यक्तियों और संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। तालाब के आसपास स्थापित जलापूर्ति टंकी और अन्य संरचनाओं को आवश्यकतानुसार स्थानांतरित करने तथा नियमित सफाई के लिए समर्पित टीम गठित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
चम्बोठा तालाब के निरीक्षण के दौरान आसपास बने भवनों के स्वीकृत नक्शों की जांच कराने, तालाब तक सुगम पहुंच मार्ग विकसित करने तथा आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के तालाब केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि भू-जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जलाशयों पर अवैध अतिक्रमण, प्रदूषण या उनके स्वरूप को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम के कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।