रांची में AISF का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांगBy Admin Fri, 24 July 2026 07:24 PM


रांची : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और देशभर में बिगड़ती शिक्षकीय व्यवस्था के आरोप के साथ रांची की सड़कों पर छात्रों का आक्रोश फिर फूट पड़ा। ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन , AISF के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने मोरहाबादी मैदान से राजभवन तक मार्च कर जोरदार प्रदर्शन किया।
इसे लेकर दोपहर बाद से ही मोरहाबादी मैदान में AISF के छात्र जमा होने लगे थे। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए छात्रों ने "शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो", "छात्रों का भविष्य बचाओ" और "शिक्षा में सुधार करो" के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ी हो रही है। इससे लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में चला गया है।
AISF वक्ताओं ने कहा कि JPSC, NEET और अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में हुई अनियमितता से साफ है कि शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दें। हालांकि हमारे संवाददाता की ओर जेपीएससी मामले में हुई गड़बड़ी, गिरफ्तारी सहित सिस्टम में सुधार के विकल्प के सवाल पर वक्ताओं ने कहा कि राज्य और केंद्र दोनों सरकारें छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही हैं। पेपर लीक, सेटिंग और देरी से रिजल्ट जैसी समस्याओं से छात्रों में भारी निराशा है।
मार्च करते हुए छात्र राजभवन पहुंचे। वहां AISF प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपने की बात कही। जिसमें मांग की गई कि देशभर में पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।