Breaking JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में TDPL के तीन और कर्मचारी गिरफ्तार, SIT जांच जारीBy Admin Fri, 24 July 2026 07:38 PM

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता की जांच कर रही सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी TDPL (TSR Data Processing Private Limited) के तीन और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत वर्मा और प्रदीप कुमार सिंह एवं संजय कुमार शामिल हैं। तीनो की गिरफ्तारी रांची पुलिस के सहयोग से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थित दो होटलों में छापेमारी के दौरान की गई। 

सीआईडी के अनुसार, इस मामले में इससे पहले गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ और जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है और जांच लगातार जारी है।

सीआईडी ने इस पूरे मामले में आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। विभाग ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास JPSC परीक्षा अनियमितता से संबंधित कोई सूचना, दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो तो वह मोबाइल नंबर 9934309058 अथवा ई-मेल complainjpsc-cid@jhpolice.gov.in पर साझा कर सकता है। विभाग ने यह भी आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। 
गौरतलब है कि JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्यभर में अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच सीआईडी की लगातार हो रही गिरफ्तारियां और जांच इस मामले को और गंभीर बना रही हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।