
रांची: झारखंड में शनिवार को कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी रांची में जहां डोरंडा थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया, वहीं सिमडेगा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दूसरी ओर कांके थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता के बॉडीगार्ड द्वारा कथित हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।
रांची के डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर अभिनंदन कुमार को डोरंडा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। हालांकि, इस प्रशासनिक बदलाव के पीछे की आधिकारिक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। पुरानी रंजिश और कहासुनी के बाद धारदार हथियारों से हुए हमले में मुकनेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के रिनपास बॉर्डर लाइन इलाके में शुक्रवार रात कथित तौर पर शराब के नशे में हवाई फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, एक कांग्रेस नेता के दो बॉडीगार्ड आपस में शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद बॉडीगार्ड दीपक ने हवाई फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद दूसरे बॉडीगार्ड प्रकाश ने कांके थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।