18 लाख की लागत से निर्मित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय भवन का उद्घाटन, बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह की प्रतिबद्धता दोहराईBy Admin Mon, 27 July 2026 06:54 PM

GODDA : शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और विकास की सबसे मजबूत आधारशिला बताते हुए झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने महागामा के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत सुरनी पंचायत के द्वारिका कित्ता स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। 18 लाख की लागत से निर्मित यह विद्यालय भवन क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उद्घाटन के उपरांत मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से बच्चों की माताओं से मुलाकात कर उनसे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा को परिवार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बच्चा ही परिवार, समाज और राज्य के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।

मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल विद्यालय भवनों का निर्माण कराना नहीं, बल्कि बच्चों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर विद्यालय को आवश्यक संसाधन और हर विद्यार्थी को अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में किया गया निवेश आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का निवेश है और महागामा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।