जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में छात्र परिषद का गठन, नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथBy Admin Tue, 28 July 2026 12:37 PM

रांची: जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के दयानंद सभागार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के नव-चयनित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य बी. एन. झा, उप-प्राचार्या अनुपमा श्रीवास्तव, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष एल. एन. पट्टनायक, उच्च माध्यमिक प्रभारी अमिंदर कौर सलूजा, डॉ. मोती प्रसाद एवं सुष्मिता मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 12 के सैफुल्लाह खान को हेड बॉय तथा लरिसा पट्टनायक को हेड गर्ल चुना गया। वहीं, आदित्य प्रताप सिंह एवं जानवी मुंजाल को अतिरिक्त हेड बॉय और अतिरिक्त हेड गर्ल का दायित्व सौंपा गया। खेल, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी विभिन्न छात्र-छात्राओं को स्पोर्ट्स कैप्टन, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर, कल्चरल कोऑर्डिनेटर और एकेडमिक कोऑर्डिनेटर के पदों पर मनोनीत किया गया।
प्राचार्य बी. एन. झा एवं शिक्षकों ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सैश एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, निष्ठा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई छात्र परिषद विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट कार्य करेगी।
उप-प्राचार्या अनुपमा श्रीवास्तव ने भी सभी छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के विकास एवं छात्र हित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।