

RANCHI : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विवाद के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को हजारीबाग में प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन को भारतीय जनता पार्टी का पूरा समर्थन है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभय तिवारी की गिरफ्तारी और उसके बाद सामने आए तथ्यों से स्पष्ट होता है कि हाल के वर्षों में हुई कई भर्ती परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभय तिवारी ने अपने और अपने परिवार के लोगों को भर्ती परीक्षाओं में नौकरी दिलवाई। मरांडी ने कहा कि सरकार केवल औपचारिकता निभाने के लिए सीआईडी जांच करा रही है, जबकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में 'सेटिंग' के तहत अभ्यर्थियों को पटना, कोलकाता, रांची और यहां तक कि नेपाल ले जाकर प्रश्नपत्र रटवाए गए। उन्होंने दावा किया कि जांच में 120 प्रश्न मेल खाने की बात सामने आई है, जिससे मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ। उनके अनुसार, यह पूरा मामला भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े सभी जिम्मेदार अधिकारियों और सदस्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक यह मुद्दा उठाती रहेगी।
