खूंटी में ACB ने की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रिश्वत लेते महिला थाना प्रभारी गिरफ्तारBy Admin Thu, 30 July 2026 06:27 PM

KHUNTI : खूंटी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की रांची टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। खूंटी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट सह महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा को 50,000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। उन्होंने एक आपराधिक केस से आरोपी का नाम हटाने के एवज में साढ़े चार लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। खूंटी के हुरलूंग गांव के रहने वाले श्याम कुमार के खिलाफ मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी से संबंधित धाराओं में एक केस दर्ज हुआ था। श्याम का कहना था कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया है और वे पूरी तरह निर्दोष हैं। जब उन्होंने अपना पक्ष रखने और मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाने के लिए थाना प्रभारी सपना सुलेखा से संपर्क किया, तो आरोप है कि महिला अफसर ने केस से नाम निकालने की एवज में 4.5 लाख रिश्वत की मांग कर दी।
श्याम के मुताबिक वह रिश्वत देने के मूड में नहीं थे, इसलिए उन्होंने सीधे एसीबी की शरण ली और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही एसीबी ने गुपचुप तरीके से मामले की जांच की, जिसमें घूस मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने रणनीति बनाई और गुरुवार को जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पहली किश्त के तौर पर 50 हजार रुपये महिला थाना प्रभारी को थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही, ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले घूस मांगे, तो तुरंत एसीबी को सूचित करें, पहचान गुप्त रखकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENT
Advertisement