

रांची: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची ने अखिल भारतीय शिक्षा समागम (ABSS) 2026 के अंतर्गत राजकीय शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय (आईएएसई), रांची के सहयोग से "राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 : शिक्षा से विकसित भारत@2047" विषय पर एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, उसके उद्देश्यों तथा विकसित भारत@2047 के निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर व्यापक संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन ट्रिपल आईटी रांची के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान संस्थान के संकाय सदस्यों डॉ. गौरव सुंदरम, डॉ. राजेश द्विवेदी, डॉ. अंकिता कुमारी, डॉ. नूपुर एवं डॉ. एन. किशोर बाबू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बहुविषयक शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास तथा विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में उच्च शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एक समावेशी, बहुविषयक और भविष्य उन्मुख शिक्षा व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षाविदों से नवाचार, सहयोग तथा सतत अधिगम को अपनाते हुए विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा अन्य शैक्षणिक हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा में गुणवत्ता सुधार तथा विकसित भारत@2047 के निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए नीति के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम ने शिक्षाविदों और विद्यार्थियों को अपने विचार साझा करने तथा शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।
