

जामताड़ा: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में शनिवार को जामताड़ा में भाजपा ने जिला समाहरणालय पहुंचकर डीसी एवं एसपी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर प्रशासनिक विफलता और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन में दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन, रणधीर सिंह, सत्यानंद झा 'बाटुल', जिला अध्यक्ष सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जनता के अधिकारों और न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई।
