सखुआ महोत्सव-2026 हरित रांची अभियान को देगा नई दिशा : महापौरBy Admin Fri, 31 July 2026 05:41 PM

रांची: नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाले सखुआ महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को रांची की महापौर ने चुटिया स्थित ऐतिहासिक इक्कीसो महादेव परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निगम के अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि सखुआ महोत्सव-2026 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महोत्सव "हरित रांची" के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय साबित होगा। उन्होंने शहरवासियों से इस जनभागीदारी आधारित अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने और अधिक से अधिक पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में योगदान देने की अपील की।

महापौर ने कहा कि सखुआ वृक्ष झारखंड की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन स्थल पर आगंतुकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि महोत्सव का आयोजन व्यवस्थित एवं सफल ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार, सहायक प्रशासक, वार्ड संख्या-46 की पार्षद आरती कुमारी, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अविचल सिंह, कान्यकुब्ज स्वर्णकार, उमेश प्रसाद सोनी, पंकज प्रसाद, नंदकिशोर साहू, अनिता वर्मा सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT
Advertisement