

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर ने नेहरू पार्क पंडाल में नि:शुल्क सेवा शिविर की शुरुआत की है। शिविर का उद्घाटन रविवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवनिया और उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने आपातकालीन सहायता के लिए दो टोटो एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के सेवा कार्यों की सराहना भी की।
सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, ठंडे पेय, फल तथा आवश्यक दवाओं की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। वहीं, कांवरिया पथ और रूट लाइन पर तैनात दो विशेष टोटो एम्बुलेंस बीमार, बुजुर्ग और असहाय श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी।

रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष जितेश राजपाल ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष पहली बार टोटो एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। State Bank of India> (एसबीआई) द्वारा उपलब्ध कराए गए दो टोटो वाहनों को एम्बुलेंस के रूप में तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक टोटो एम्बुलेंस में स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मी तैनात रहेंगे, जो प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराएंगे। जरूरत पड़ने पर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक भी पहुंचाया जाएगा। यह सेवा प्रतिदिन 16 घंटे संचालित होगी।
जितेश राजपाल ने बताया कि टोटो एम्बुलेंस का डिजाइन और मॉडिफिकेशन कमलेश मिश्रा, सीईओ, Himmatsingka Automobiles Private Limited के सहयोग से किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल ने किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, कोषाध्यक्ष राजकुमार बर्नवाल, रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य तथा मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रतिनिधियां भी उपस्थित रहीं।
With inputs from IANS