श्रावणी मेला: देवघर-बासुकीनाथ के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, ₹2,850 में मिलेगा हवाई दर्शनBy Admin Tue, 04 August 2026 04:22 PM









देवघर: राज्य श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार से देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई है। इस सेवा के माध्यम से श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ और त्रिकूट पर्वत का हवाई दर्शन कर सकेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि यह सेवा झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागरिक उड्डयन) के सहयोग से शुरू की गई है। इसका संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) द्वारा किया जा रहा है। अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें, इसके लिए किराया भी किफायती रखा गया है।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से वृद्ध श्रद्धालुओं, दिव्यांगजनों और दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे वे कम समय में बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ और त्रिकूट पर्वत के दर्शन कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने हेलिपोर्ट संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा का किराया

  • देवघर हवाई दर्शन (7–10 मिनट) – ₹2,850 प्रति व्यक्ति
  • बासुकीनाथ हवाई दर्शन (7–10 मिनट) – ₹2,850 प्रति व्यक्ति
  • त्रिकूट पर्वत हवाई दर्शन (10–15 मिनट) – ₹3,750 प्रति व्यक्ति
  • देवघर से बासुकीनाथ वन-वे हेलीकॉप्टर सेवा (15 मिनट) – ₹4,500 प्रति व्यक्ति

श्रद्धालु हाथगढ़ मैदान स्थित बुकिंग काउंटर से टिकट बुक करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए झारखंड एविएशन की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सहायता और पूछताछ के लिए हेल्पलाइन नंबर 9122583111 भी जारी किया गया है।

ADVERTISEMENT
Advertisement