





Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की. यह बैठक राजभवन में हुई, जिसमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को JPSC और JSSC की हालिया परीक्षाओं, नियुक्ति प्रक्रियाओं और छात्रों के चल रहे विरोध-प्रदर्शन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस मामले में राज्य सरकार क्या कदम उठा रही है.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा प्रक्रियाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि छात्रों का हित सबसे महत्वपूर्ण है और परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों आयोग अपनी कार्यप्रणाली को इतना साफ और पारदर्शी बनाएं कि उनकी विश्वसनीयता पर कोई सवाल न उठे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार निष्पक्ष जांच कराएगी और दोषियों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास बना रहे.
