





RANCHI : JSLPS के अधीन काम करने वाले कर्मियों के लिए एक अच्छी खबर है । लंबे समय के इंतजार के बाद JSLPS की नई मानव संसाधन व्यवस्था ( HR पॉलिसी ) को हरी झंडी मिल गई है । राज्य की ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की विशेष पहल के बाद ये संभव हो सका है । नई मानव संसाधन व्यवस्था लागू होने से JSLPS में करीब 13 सौ अतिरिक्त पदों पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे । ये कदम संस्था की कार्य क्षमता को बढ़ाने के साथ - साथ राज्य के बेरोजगार युवकों को रोजगार के अवसर प्रदान करने में मददगार साबित होगा ।
JSLPS की नई मानव संसाधन व्यवस्था पर गौर करें तो L 5 से L 8 तक के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक का इजाफा किया गया है । नई व्यवस्था में कर्मचारियों के लैपटॉप और संचार भत्ते में वृद्धि की गई है , जो आज के बदलते हुए दौर के लिहाज से काम के लिए जरूरी है । इसके साथ ही पहली बार JSLPS के कर्मियों को शिक्षा भत्ता के साथ व्यावसायिक विकास भत्ता मिलने जा रहा है । ये कदम कर्मचारियों के परिवार के शैक्षणिक विकास और उनके बौद्धिक ज्ञान के लिए लाभकारी सिद्ध होगा । वहीं JSLPS के कर्मी अब प्रतिमाह स्वास्थ्य लाभ के मद में 1 हजार रुपये तक का दावा कर सकेंगे ।
इतना ही नहीं नई मानव संसाधन व्यवस्था में JSLPS के पात्र कर्मियों को ग्रेच्युटी , प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मियों को क्षेत्र भ्रमण भत्ता में वृद्धि , जिला स्तर के कर्मियों को भी क्षेत्र भ्रमण भत्ते का लाभ के साथ कर्मचारियों के समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि को 20 लाख से बढ़ा कर 30 लाख कर दिया गया है । वहीं समूह मेडिक्लेम बीमा राशि 5 लाख से बढ़ा कर 20 लाख कर दी गई है । ऐसा होने से कर्मचारियों और उनके परिजनों को गंभीर बीमारी एवं आकस्मिक चिकित्सा के समय बेहतर आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा ।
ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि JSLPS के कर्मियों के सुरक्षित , समृद्ध और खुशहाल भविष्य के लिहाज से ये बड़ा कदम है । लंबे समय से नई मानव संसाधन व्यवस्था लागू करने की मांग उठ रही थी । आज सरकार ने JSLPS कर्मियों को ये सौगात दी है । अब अतिरिक्त पदों पर रोजगार सृजन के साथ काम को गति मिलेगी । आने वाले समय में JSLPS सफलता के नये आयाम गढ़ने में सफल होगा , इसकी उम्मीद ही नहीं , पूरा भरोसा भी है ।
