झारखंड विधानसभा पहुंचे अभिनेता जावेद पठान, स्पीकर से की शिष्टाचार मुलाकातBy Admin Thu, 06 August 2026 06:46 PM









रांची: झारखंड दौरे पर आए फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता जावेद पठान ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर औपचारिक बातचीत हुई, जिसमें अभिनेता ने अपने अभिनय सफर के अनुभव साझा किए।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने जावेद पठान को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक मथुरा प्रसाद महतो और विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन भी उपस्थित रहे।
मूल रूप से झारखंड के धनबाद निवासी जावेद पठान के पिता भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में कार्यरत थे। जावेद पठान ने हिंदी फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों, संगीत एलबम, विज्ञापनों और वेब सीरीज में अभिनय कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और झारखंड का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है।


उन्होंने बताया कि लोकप्रिय धारावाहिक "देवों के देव महादेव" से उन्हें व्यापक पहचान मिली, जबकि "जोधा अकबर" ने उन्हें टेलीविजन उद्योग में एक स्थापित अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई। अब तक वे दो फिल्मों, 18 टेलीविजन धारावाहिकों और ज़ी म्यूज़िक के तीन संगीत एलबमों में काम कर चुके हैं। उनकी दो नई फिल्में जल्द ही प्रदर्शित होने वाली हैं। उन्होंने "हॉरर लव स्टोरी" (2021), "कास्ट ऑफ लव" (2022), "एनआरआई वाइव्स" (2023) जैसी फिल्मों के साथ लोकप्रिय धारावाहिक "विघ्नहर्ता गणेश" में भी अभिनय किया है।

 

ADVERTISEMENT
Advertisement

जावेद पठान ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और फिल्मांकन के लिए उपयुक्त स्थलों से समृद्ध राज्य है। उन्होंने विशेष रूप से धनबाद, पारसनाथ और तोपचांची क्षेत्र की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये क्षेत्र पर्यटन, निवेश और फिल्म निर्माण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।


उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा फिल्म संस्थान स्थापित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के युवाओं को फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग में करियर बनाने के नए अवसर मिलेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने कहा कि जावेद पठान ने अपनी कला और अभिनय के माध्यम से झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी वे अपनी फिल्मों और धारावाहिकों के माध्यम से राज्य की कला, संस्कृति, प्राकृतिक धरोहर और स्थानीय प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाते रहेंगे। अध्यक्ष ने उनकी आगामी फिल्मों और धारावाहिकों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।