





गोला। पुरबडीह पंचायत भवन में आयोजित ग्रामसभा में वर्षों से लंबित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इसके साथ ही स्टेडियम निर्माण की दिशा में सबसे बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने का मार्ग लगभग पूरी तरह साफ हो जाएगा।
ग्रामसभा की अध्यक्षता मुखिया अलका महतो ने की, जबकि जिला परिषद सदस्य जलेश्वर महतो संरक्षक के रूप में मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में स्टेडियम निर्माण का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के भविष्य से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय बताया।
ग्रामीणों ने कहा कि पुरबडीह का खेल मैदान वर्षों से खेल प्रतिभाओं की पहचान रहा है। इसी मैदान में अभ्यास कर आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक युवा पुलिस एवं विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। स्टेडियम बनने के बाद खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आने वाले समय में और अधिक प्रतिभाएं राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी। यह स्टेडियम पूरे प्रखंड के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा और क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगा।
बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार करने के लिए स्थानीय विधायक ममता देवी लंबे समय से प्रयासरत थीं। ग्रामसभा से प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित होने के बाद अब ग्रामीणों में स्टेडियम निर्माण को लेकर उत्साह और उम्मीद दोनों बढ़ गई हैं। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर इस ऐतिहासिक निर्णय का समर्थन किया।ग्रामसभा के अंत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर वन विभाग से शीघ्र एनओसी जारी करने की मांग की गई, ताकि बहुप्रतीक्षित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके और क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिल सके। बैठक में अंचल निरीक्षक (सीआई), अमीन जोगेश्वर महतो, वन विभाग के वन कर्मी मनीष कुमार, सीपीसी कॉलेज के प्राचार्य संजय कुमार महतो, महावीर महतो, देवचरण महतो ,सहायक संजीत कुमार, बेबी कुमारी, नीलांबर महली (पूर्व शिक्षक), बुधनी देवी (अध्यक्ष, वन संरक्षण समिति), कैलाश महतो (सचिव, वन संरक्षण समिति), सचिन राम, सतेंद्र महतो, लाजू महतो, प्रशांत राम, पर्वत राम रविदास, विशाल कुंजलाल राम कुमार, राहुल कुमार, अजीत करमाली, पंचायत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
