
रांची: राजधानी रांची के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र न्यू मार्केट के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में न्यू मार्केट के दुकानदारों के साथ निगम सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुकानों के आवंटन से जुड़े दस्तावेजों और प्रस्तावित पुनर्विकास योजना को लेकर दुकानदारों से जानकारी ली गई।
नगर निगम के अनुसार न्यू मार्केट क्षेत्र में वर्तमान में करीब 262 दुकानें संचालित हैं। बाजार की मौजूदा संरचना और सुविधाएं पुरानी होने के कारण क्षेत्र को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप देने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी के तहत रातू रोड चौक स्थित आरआरडीए की पुरानी दुकानों के स्थान पर उपलब्ध त्रिकोणीय भू-भाग के योजनाबद्ध विकास के माध्यम से आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
प्रस्तावित योजना के तहत मल्टी लेवल भवन, व्यवस्थित दुकानें, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और नागरिकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि पुनर्विकास का उद्देश्य केवल पुराने ढांचे को हटाना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का समग्र, योजनाबद्ध और नागरिक अनुकूल विकास सुनिश्चित करना है। इससे व्यापारियों को बेहतर कारोबारी माहौल मिलने के साथ आम लोगों को आवागमन और पार्किंग जैसी सुविधाओं में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में नगर आयुक्त ने दुकानदारों से पूर्व आवंटन से संबंधित मूल और वैध दस्तावेज सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर निगम अथवा संबंधित प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित नई आवंटन प्रक्रिया में पूर्व आवंटन से संबंधित वैध मूल दस्तावेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि पुनर्विकास के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया और शर्तें नई होंगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर का निर्धारण किया जाएगा। जिन वर्तमान दुकानदारों के पास पूर्व आवंटन से संबंधित मूल एवं वैध दस्तावेज होंगे और जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाएंगे, उन्हें नई आवंटन प्रक्रिया में प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा।
नगर निगम के मुताबिक परियोजना के आगामी चरणों में दुकानों की संख्या, आकार, श्रेणी, दर, आवंटन की शर्तों समेत अन्य बिंदुओं पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। नगर आयुक्त ने दुकानदारों से बाजार के समग्र विकास और बेहतर भविष्य के लिए निगम के साथ सकारात्मक सहयोग करने की अपील की।
