मेहरमा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया खुलासा, 2 गिरफ्तार; 13 मोटरसाइकिल बरामदBy Admin Fri, 14 August 2026 03:18 PM

गोड्डा: मेहरमा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 12 मोटरसाइकिल के साथ चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गोड्डा के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहरमा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त भोला पंडित अपने साथी अभिषेक कुमार के साथ भगैया इलाके में मोटरसाइकिल चोरी करने पहुंचा है। सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे झारखंड के गोड्डा और साहेबगंज जिले के अलावा बिहार के भागलपुर जिले के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को भागलपुर जिले के आसपास के क्षेत्रों में ले जाकर अनजान लोगों को बेच दिया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चोरी गई मोटरसाइकिलों को बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज के नगर थाना क्षेत्र के पुरानी साहेबगंज कुम्हार टोला निवासी 30 वर्षीय भोला पंडित और बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के रामराय बाग, खूटहरी निवासी 19 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक भोला पंडित का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ मेहरमा, महागामा, बोआरीजोर और ललमटिया के अलावा साहेबगंज और बिहार के कहलगांव थाना में चोरी, डकैती, हथियार अधिनियम सहित कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2026 में भी मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित कई मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं।

वहीं अभिषेक कुमार के खिलाफ भी मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

बरामद वाहनों में छह हीरो स्प्लेंडर प्लस, चार हीरो सुपर स्प्लेंडर, दो हीरो ग्लैमर और एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा दो मास्टर चाबी और विवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

छापामारी दल में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव, बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह, ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी राजन कुमार राम, बसंतराय थाना प्रभारी सत्यदीप, हनवारा थाना प्रभारी विकास कुमार समेत मेहरमा थाना के पुलिस पदाधिकारी, जवान और रिजर्व गार्ड शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई से मेहरमा समेत आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।