
रांची: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को रांची में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। JPSC-JSSC Reform Manch के बैनर तले प्रस्तावित इस यात्रा को आंदोलन को आगे बढ़ाने और अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाने के तौर पर देखा जा रहा है। छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा को रद्द करना और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच शामिल है।
अभ्यर्थियों के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा शुरू होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। तय रूट के मुताबिक जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकलकर यात्रा कचहरी चौक, जेल चौक, लालपुर चौक, प्लाजा चौक, फिरायालाल चौक और शहीद चौक पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम लौटेगी।
इन प्रमुख इलाकों से गुजरेगी यात्रा
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम → कचहरी चौक → न्यूक्लियस मॉल → लालपुर चौक → प्लाजा चौक → फिरायालाल चौक → शहीद चौक → वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम।
15 अगस्त को तिरंगे के साथ मांगों की आवाज
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकलने वाली इस यात्रा में तिरंगा हाथों में लेकर छात्र अपनी मांगों को जनता के बीच रखने की तैयारी में हैं। आंदोलनकारियों ने इसे केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े सवालों को उठाने का माध्यम बताया है।
गौरतलब है कि JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन अब तीन सप्ताह से अधिक समय तक पहुंच चुका है। छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।